प्रभात वाणी/ बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड जीटी रोड स्थित गया रोड रेलवे ओवरब्रिज के समीप मंगलवार की रात करीब 9:15 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। टाटा कार (जेएच 05 डीएच 3879) अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वाहन पलटकर सड़क के मध्य जा गिरा। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पलटी कार को सीधा किया और उसमें फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार वाहन चालक एवं एक अन्य व्यक्ति सुरक्षित हैं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर सड़क पर आवागमन पुनः सुचारू कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ओवरब्रिज के सामने बना डिवाइडर लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। ओवरब्रिज से उतरते समय रात के अंधेरे में डिवाइडर स्पष्ट दिखाई नहीं देता। ओवरब्रिज से डिवाइडर की दूरी मात्र लगभग 30 मीटर है और ढलान होने के कारण वाहन चालक को समय रहते इसका अंदाजा नहीं लग पाता। लोगों ने बताया कि पूर्व में लगाए गए सांकेतिक चिन्ह प्रभावी नहीं हैं और यहां पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि या तो डिवाइडर को करीब 30 मीटर तक हटाया जाए, या फिर इसे ओवरब्रिज के इस पार से उस पार तक बढ़ाया जाए। साथ ही पूरे क्षेत्र में रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत लगाए जाने की आवश्यकता जताई गई है।स्थानीय लोगों ने बरही विधायक मनोज कुमार यादव एवं हजारीबाग सांसद मनीष जयसवाल से इस गंभीर समस्या पर शीघ्र ठोस पहल कर सड़क को दुर्घटनामुक्त बनाने की मांग की है।



