बरडीहा से देवघर (बैद्यनाथ धाम) के लिए 100 से अधिक कांवड़ियों का जत्था रवाना, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया विदा
बरडीहा (गढ़वा): प्रखंड मुख्यालय बरडीहा से आज 100 से अधिक श्रद्धालुओं (कांवरियों) का एक बड़ा दल बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने कांवरियों के जत्थे को धार्मिक झंडा सौंपकर और हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया।
कांवरियों का यह दल दो बड़ी बसों और छोटी गाड़ियों के माध्यम से बाबा धाम की यात्रा पर निकला है। जत्थे को विदा करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने सभी श्रद्धालुओं के सुरक्षित सफर और सुगम दर्शन-पूजन की कामना की।
इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा:
> “आप सभी श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ अच्छे से जाएं, बाबा बैद्यनाथ का दर्शन-पूजन करें और सकुशल वापस लौटें। यात्रा के दौरान यदि किसी भी प्रकार की असुविधा या समस्या उत्पन्न होती है, तो तुरंत हमसे संपर्क करें। प्रशासन की ओर से पूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।”
कांवरियों के रवाना होने के दौरान पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से गूंज उठा। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालुओं के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने कांवरियों को शुभकामनाएं देकर विदा किया।
गढ़वा से तबरेज़ की रिपोर्ट।


