भूगोल विद्यार्थियों ने किया तिलैया डैम का शैक्षणिक भ्रमण
झरिया। Degree College RSP-2, Jharia के सत्र 2023-27 के भूगोल विषय के छात्र-छात्राओं ने कोडरमा जिले स्थित तिलैया डैम का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए गए भौगोलिक विषयों का प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराना था।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने तिलैया डैम एवं आसपास के क्षेत्रों के भौतिक स्वरूप, अपवाह प्रणाली, मिट्टी, चट्टानों, प्राकृतिक संसाधनों तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। क्षेत्र-अध्ययन के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय विशेषताओं को करीब से समझा और महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. पी. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शैक्षणिक भ्रमण दल को रवाना किया और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ क्षेत्रीय एवं व्यावहारिक ज्ञान भी प्रदान करता है। इससे विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि बढ़ती है और उनका ज्ञान व्यापक होता है।
भ्रमण को सफल बनाने में भूगोल विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. अनुराधा लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने तिलैया डैम के भौगोलिक एवं पर्यावरणीय स्वरूप का व्यवस्थित अध्ययन किया। वहीं शिक्षकेतर कर्मचारी प्रकाश मिश्रा ने आयोजन एवं व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने शैक्षणिक भ्रमण दल को शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तबरेज़ की रिपोर्ट।


